
रायपुर। नगर निगम रायपुर ने आयुक्त विश्वदीप के आदेशानुसार अवैध निर्माणों और अस्थायी दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस अभियान के तहत जोन-8 और जोन-5 की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माण तोड़ने, सड़क पर लगे ठेले और गुमटियां हटाने के साथ-साथ जुर्माने की वसूली भी की।
जोन-8 की कार्रवाई
नगर निगम जोन-8 की टीम ने रायपुरा स्थित शास्त्री बाजार में 6 अवैध व्यावसायिक दुकानों को तोड़ा। साथ ही, कोटा रोड और रायपुरा क्षेत्र में निर्माण एवं ध्वंस (C&D) कचरा फैलाने पर संबंधित लोगों पर 1000 और 2000 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
कुशालपुर में जोन-5 की कार्रवाई
जोन-5 की टीम ने कुशालपुर पहाड़ी तालाब के पास 16 अवैध शेड, 12 पाटा और चबूतरे हटाए। इसके अलावा, 4 ठेले और गुमटियां भी हटाई गईं। इस दौरान सड़क पर अवरोध और गंदगी फैलाने के लिए 14 व्यापारियों पर जुर्माना लगाया गया, जिससे कुल 28,500 रुपए की राशि वसूल की गई।

टाटीबंध मार्ग पर कार्रवाई
नगर निगम जोन-8 ने रायपुरा और टाटीबंध मार्ग पर भी अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। एम्स अस्पताल के पास मुख्य मार्ग से 12 ठेले और गुमटियां हटाई गईं। इस दौरान कुल 13,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, और यदि कोई फिर से ऐसा करता पाया गया, तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
