अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर बर्थडे पार्टी बनी मुसीबत, सड़क जाम कर जश्न; 7 पर मामला दर्ज

सरगुजा–सूरजपुर जिले की सीमा पर स्थित अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर कुछ युवकों का जन्मदिन मनाने का तरीका आम लोगों के लिए परेशानी बन गया। युवकों ने हाईवे के बीचों-बीच गाड़ियां खड़ी कर यातायात रोक दिया, आतिशबाजी की और कार की बोनट पर केक काटा। करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रही, जिससे दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। जाम में एक एम्बुलेंस भी फंसी नजर आई।

यह मामला जयनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लटोरी पुलिस चौकी इलाके का है। जानकारी के मुताबिक 16 फरवरी की रात अंबिकापुर के कुछ युवक सरगुजा–सूरजपुर सीमा के चठिरमा क्षेत्र स्थित एक ढाबे में जन्मदिन समारोह मनाने पहुंचे थे। ढाबे में पार्टी के बाद वे हाईवे पर आ गए और चारपहिया वाहन सड़क के बीच खड़े कर दोनों तरफ से ट्रैफिक रोक दिया।

इसके बाद युवकों ने पटाखे फोड़े और सड़क पर ही जश्न मनाया। इस दौरान हाईवे पर आवाजाही पूरी तरह बाधित रही। वायरल वीडियो में एम्बुलेंस भी जाम में फंसी दिखाई दे रही है, हालांकि उसमें मरीज था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। करीब 30 मिनट बाद युवक वहां से हटे, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।

वीडियो वायरल होने पर पुलिस सक्रिय

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया। लटोरी पुलिस चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता ने बताया कि वायरल फुटेज के आधार पर 7 अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 285 और 126(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह का अवैध जश्न और यातायात अवरोध गंभीर अपराध है। वीडियो की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top