एअर इंडिया का बड़ा निर्णय: अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15% कटौती, सुरक्षा जांच होगी सख्त

अहमदाबाद में हुए हालिया विमान हादसे के बाद एअर इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। टाटा समूह के स्वामित्व वाली इस एयरलाइन ने ऐलान किया है कि जुलाई मध्य तक बड़े विमानों की इंटरनेशनल उड़ानों में 15% की कटौती की जाएगी। कंपनी ने यह फैसला अतिरिक्त सावधानी के तौर पर लिया है।

एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि बोइंग 777 जैसे बड़े विमानों की गहन सुरक्षा जांच कराई जाएगी। पिछले कुछ दिनों से एअर इंडिया को तकनीकी व संचालन संबंधी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, बीते छह दिनों में एयरलाइन ने अपनी कम से कम 83 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द किया है।

उड़ानों की अचानक रद्दीकरण से यात्री परेशान

बुधवार को एअर इंडिया की मुंबई से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट अचानक रद्द कर दी गई। बताया गया कि दिल्ली में भारी बारिश के कारण डायवर्जन हुआ, जिससे उड़ान प्रभावित हुई।

इसके अलावा, एयरलाइन ने रखरखाव और तकनीकी कारणों से तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया। इनमें दो उड़ानों को उस समय रद्द किया गया, जब यात्री विमान में सवार हो चुके थे।

एयर इंडिया ने एक बयान में बताया कि 18 जून को टोरंटो से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI188 को ऑपरेशनल और मेंटेनेंस मानकों के तहत रद्द करना पड़ा। यात्रियों को विमान से उतारा गया और वैकल्पिक इंतज़ाम किए गए। इसी प्रकार, दुबई से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI996 को भी तकनीकी खामी के कारण उड़ान भरने से पहले ही रोक दिया गया।

कर्मचारी बरत रहे हैं अतिरिक्त सावधानी

एअर इंडिया के अनुसार, कंपनी का इंजीनियरिंग स्टाफ और पायलट फिलहाल अतिरिक्त सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं। भविष्य में किसी भी दुर्घटना को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए व्यापक स्तर पर उपाय किए जा रहे हैं।

Scroll to Top