रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुढ़ियारी थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार साहू (33 वर्ष), निवासी मंगलवाड़ा, चरौदा, जिला दुर्ग बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 249 शीशियां कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद हुईं। जब पुलिस ने सिरप रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित सिरप और एक मोबाइल फोन सहित लगभग 1.40 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ गुढ़ियारी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

