बिलासपुर जिले के व्यापार विहार क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब चौधरी खाद्य तेल एजेंसी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में फैल गई। आग की वजह से एजेंसी में रखा खाद्य तेल और अन्य सामान बड़े पैमाने पर जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।

व्यापार विहार, जो बिलासपुर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र माना जाता है, वहां बड़ी संख्या में गोदाम और व्यापारिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। घटना के समय एजेंसी में भारी मात्रा में खाद्य तेल का स्टॉक मौजूद था, जिससे आग और तेजी से फैलती चली गई। धुएं और आग की लपटें देख आसपास के व्यापारी और कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी और आसपास की अन्य एजेंसियों तक पहुंचने का खतरा भी बना हुआ था। इससे करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। हालांकि आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की संभावना है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से माचिस गोदाम और अन्य दुकानों में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।



