सुशासन तिहार में दिव्यांग महिला को मिली ट्राइसाइकिल, खोमीन कल्लो के जीवन में लौटी नई उम्मीद

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम पंचायत हांडीटोला की रहने वाली दिव्यांग महिला खोमीन कल्लो को सुशासन तिहार 2026 के दौरान ट्राइसाइकिल मिलने से बड़ी राहत मिली है। समाज कल्याण विभाग की ओर से मिली इस सहायता ने उनके जीवन में आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद जगाई है।

30 वर्षीय खोमीन कल्लो बौनापन और 40 प्रतिशत दिव्यांगता से प्रभावित हैं। उन्हें रोजमर्रा के काम करने और एक जगह से दूसरी जगह आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। छोटे-छोटे कामों के लिए भी उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था।

ग्राम पंचायत हांडीटोला में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग ने उन्हें ट्राइसाइकिल प्रदान की। ट्राइसाइकिल मिलने के बाद अब वे अपने जरूरी काम खुद कर पा रही हैं और आसपास आसानी से आ-जा सकती हैं।

खोमीन कल्लो ने कहा कि अब उन्हें हर काम के लिए किसी का इंतजार नहीं करना पड़ता। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे पहले से ज्यादा आत्मनिर्भर महसूस कर रही हैं।

उन्होंने शासन, जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग का आभार जताते हुए कहा कि यह मदद उनके लिए नई जिंदगी जैसी है।

Scroll to Top