रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के घर के बाहर देर रात धमाका किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया। आरोप है कि कुछ लोग आधी रात घर पहुंचे और बम जैसे पटाखे फेंककर परिवार को धमकाया।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में सोनू पटेल, आकाश पासवान, एक युवती और तीन अन्य लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है।

कबीर नगर निवासी रिंकु तिवारी ने पुलिस को बताया कि 24 मई 2026 की रात करीब 1 बजे आरोपी उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर के बाहर विस्फोटक जैसी वस्तु फेंकी, जिससे जोरदार आवाज हुई और आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने चाकू दिखाकर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि घर का गेट बंद होने के कारण वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके। कुछ देर तक हंगामा करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद कबीर नगर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

