रायगढ़ जंगल में युवती की अर्धनग्न लाश मिलने से सनसनी, गला और चेहरा कुचलकर हत्या की आशंका

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवती का शव अर्धनग्न अवस्था में जंगल से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। शव तुमीडीह डैम के पास पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के जंगल में मिला है। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे हत्या का मामला माना है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम स्थानीय लोगों ने डैम किनारे जंगल में एक युवती का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवती की डेडबॉडी जमीन पर औंधे मुंह पड़ी थी और उसके कपड़े पास में बिखरे हुए थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने की कोशिश की गई। युवती के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया, जिससे उसकी शिनाख्त मुश्किल हो गई है। इसके अलावा गले और गर्दन के पीछे धारदार हथियार से वार के निशान भी मिले हैं।

मृतका की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ के बावजूद कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेज दिया है। साथ ही आसपास के थानों में गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है और घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Scroll to Top