छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे जय साहू ने रविवार रात आत्महत्या कर ली। 45 वर्षीय जय साहू अपने परिवार के साथ मोवा के आदर्श नगर इलाके में रहते थे।
जानकारी के अनुसार, रात के समय परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि जय साहू ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि जय का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में परिजनों ने बताया कि जय साहू पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे और पारिवारिक कारणों से परेशान चल रहे थे। यह भी सामने आया है कि उनका अपनी पत्नी से हाल ही में विवाद हुआ था, जिसके बाद से वे तनाव में थे। घटना के समय पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ जारी है ताकि वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके।
बताया जा रहा है कि जय साहू के पिता धनीराम साहू वर्ष 1995 में अभनपुर विधानसभा से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में उनका राजनीतिक प्रभाव रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार और परिचित भी उनके घर पहुंचने लगे।
पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

