ठगी के आरोपी जय प्रकाश यादव फरार, 5 हजार का इनाम घोषित

राजनांदगांव पुलिस ने ठगी के आरोपी और खुद को बीजेपी नेता बताने वाले जय प्रकाश यादव को फरार घोषित करते हुए उस पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा है। वही जय प्रकाश यादव, जिसने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की हत्या की साजिश का दावा किया था।

पुलिस के अनुसार जय प्रकाश यादव के खिलाफ राजनांदगांव और दुर्ग जिलों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के कई मामले दर्ज हैं। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में 5 लोगों से करीब 11 लाख रुपये और दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में 6 लोगों से लगभग 16 लाख रुपये ठगने के आरोप हैं।

डोंगरगढ़ निवासी धीरज साहू की शिकायत पर दर्ज मामले में बताया गया कि आरोपी ने खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और पैसे लिए। इसी तरह कई अन्य लोगों से भी अलग-अलग रकम वसूली गई। इस मामले में सह-आरोपी देवेंद्र कुमार गोरले को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि जय प्रकाश यादव अभी भी फरार है।

दुर्ग में दर्ज दूसरे मामले में भी आरोपी ने किसानों और युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लाखों रुपये ऐंठे। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग रकम तय की गई थी। कुछ लोगों ने पैसे देने के लिए अपनी जमीन तक बेच दी और कर्ज भी लिया।

पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है और उसकी जानकारी देने वालों को 5 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है। साथ ही सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखने की बात भी कही गई है।

गौरतलब है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद मार्च महीने में जय प्रकाश यादव ने एक वीडियो जारी कर खुद को चर्चा में लाया था, जिसमें उसने एक फाइल दिखाते हुए विधायक की हत्या की साजिश का दावा किया था। हालांकि, उस दावे के बाद से न तो कोई ठोस जानकारी सामने आई और न ही आरोपी सार्वजनिक रूप से दिखाई दिया।

Scroll to Top