अफेयर के शक में युवक ने की प्रेमिका की हत्या, दुर्ग में किराए के कमरे में गला घोंटा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। युवक को शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर उसकी जान ले ली।

मृतका की पहचान 26 वर्षीय युवती के रूप में हुई है, जो खैरागढ़ जिले की रहने वाली थी और दुर्ग में पढ़ाई कर रही थी। वहीं आरोपी युवक बालोद जिले का निवासी है। दोनों की मुलाकात पढ़ाई के दौरान हुई थी और वे बी.एड की पढ़ाई कर रहे थे।

घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर आरोपी अपनी प्रेमिका को अपने किराए के कमरे में लेकर गया, जहां फिर से दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया और बताया कि युवती बेहोश हो गई है। मौके पर पहुंची टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

परिजनों के अनुसार, युवती हाल ही में अपने गांव गई थी और एक दिन पहले ही दुर्ग लौटी थी। परिवार को आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार दुर्ग पहुंचा और आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है।

Scroll to Top