छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पिकनिक मनाने गए एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रातभर युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में गुरुवार को गोताखोरों की मदद से युवक का शव बरामद किया गया।
यह घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार तिफरा निवासी 25 वर्षीय मोनू ध्रुव अपने दोस्तों के साथ बुधवार सुबह ललहीखार पिकनिक मनाने गया था। दोपहर में सभी ने मिलकर खाना बनाया और वहां शराब पार्टी भी की।
शाम के समय खाना खाने के बाद सभी दोस्त सलमपुरी स्थित गोविंदा तालाब में बर्तन धोने पहुंचे। इसी दौरान मोनू नहाने के लिए तालाब में उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तालाब की अधिक गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना से घबराकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर सकरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रात तक युवक की तलाश जारी रखी गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

घंटों की खोजबीन के बाद गोताखोरों ने युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

