रायपुर रेंज में पुलिस ने ऑपरेशन “निश्चय” के तहत 4 और 5 अप्रैल को व्यापक अभियान चलाकर अपराधियों पर सख्ती दिखाई। इस दौरान बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और रायपुर ग्रामीण जिलों में 95 टीमों ने एक साथ 384 स्थानों पर रेड, दबिश और चेकिंग की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आबकारी एक्ट के तहत 126 मामले दर्ज कर 126 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 802.436 लीटर शराब और 597 पौवा जब्त किए।
नारकोटिक्स/एनडीपीएस एक्ट के तहत 22 मामलों में 21.945 किलोग्राम मादक पदार्थ और 60 टैबलेट बरामद की गईं।
आर्म्स एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज कर 2 पिस्टल जब्त किए गए। इसके अलावा विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं में 174 कार्रवाई की गई। वारंट तामील अभियान के दौरान 31 गिरफ्तारी वारंट, 14 स्थायी वारंट और 1 जमानती वारंट सहित कुल 46 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
जिला स्तर पर भी पुलिस ने सघन कार्रवाई की। बलौदाबाजार-भाटापारा में 13 मामलों में 5.6 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। गरियाबंद में 119 रेड के दौरान 158 लीटर शराब पकड़ी गई।
धमतरी में 150 स्थानों पर दबिश देकर 3.9 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। महासमुंद में 10.5 किलोग्राम मादक पदार्थ और 357 लीटर शराब जब्त की गई, जबकि रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में 1.8 किलोग्राम गांजा और 597 पौवा शराब बरामद हुई।
इसके अलावा सट्टा-जुआ एक्ट के तहत 2 मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6,230 रुपए जब्त किए गए। अन्य आपराधिक मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि ऑपरेशन “निश्चय” के तहत असामाजिक तत्वों, तस्करों और फरार आरोपियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

