भाजपा का 47वां स्थापना दिवस आज: रायपुर में CM विष्णुदेव साय करेंगे ध्वजारोहण, सप्ताहभर चलेंगे कार्यक्रम

भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ध्वजारोहण करेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज के अनुसार, स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश कार्यालय के साथ-साथ सभी जिलों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रायपुर के एकात्म परिसर में सुबह 10 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ध्वजारोहण करेंगे, जिसके बाद पूरे दिन संगठनात्मक गतिविधियां चलेंगी।

शाम 5 बजे एकात्म परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

प्रदेश महामंत्री और कार्यक्रम प्रभारी यशवंत जैन ने बताया कि 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक ‘सेवा सप्ताह’ मनाया जाएगा। इस दौरान बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों में दीपोत्सव भी मनाया जा रहा है। कार्यालयों को दीप, झालर और रंगोली से सजाया गया है। 6 अप्रैल को ध्वजारोहण के बाद पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी, साथ ही मिठाई और शरबत वितरण का भी आयोजन होगा।

पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अपने घरों पर भी ध्वज फहराएं और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करें।

6 और 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां कार्यकर्ता एकत्र होकर स्थापना दिवस मनाएंगे और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लेंगे।

8 और 9 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिलों में बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठन विस्तार, विकास कार्यों और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी। केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

इसके अलावा 7 से 12 अप्रैल तक ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ भी चलाया जाएगा। इस दौरान सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी गांवों और बस्तियों में जाकर जनसंपर्क करेंगे। बड़ी विधानसभाओं में कम से कम 50 और छोटी विधानसभाओं में 20 गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, प्रबुद्धजनों से मुलाकात और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

Scroll to Top