रायपुर में निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा: 8 फीट गड्ढे में दबकर कारपेंटर की मौत

रायपुर में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है, जहां मिट्टी धंसने से एक कारपेंटर की जान चली गई। यह घटना कचना इलाके में स्थित रहेजा प्रोजेक्ट की साइट पर हुई, जहां बिल्डिंग निर्माण का काम चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक, करीब दो दर्जन मजदूर मौके पर काम कर रहे थे। मृतक गुड्डू रवि (32) गड्ढे के अंदर शटरिंग का काम कर रहा था, जिसकी गहराई करीब 8 फीट थी। इसी दौरान अचानक मिट्टी का ढेर उस पर गिर गया, जिससे वह वहीं दब गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

यह मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। गुड्डू रवि झारखंड के गढ़वा जिले का निवासी था। साथी मजदूरों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, जिस जगह हादसा हुआ वहां क्लब हाउस का निर्माण किया जा रहा था। घटना के वक्त एक अन्य मजदूर पानी पीने के लिए वहां से हटा ही था कि अचानक मिट्टी धंस गई और गुड्डू उसके नीचे दब गया।

मृतक के भाई पुलेंदर कुमार ने बताया कि गुड्डू करीब एक महीने पहले काम के सिलसिले में रायपुर आया था और संतोष कुमार नाम के ठेकेदार के साथ काम कर रहा था। शनिवार दोपहर उनकी उससे बात भी हुई थी, लेकिन शाम को फोन आया कि उसकी तबीयत खराब है और रायपुर आने को कहा गया।

जब परिजन रायपुर पहुंचे और मेकाहारा अस्पताल गए, तब उन्हें गुड्डू की मौत की जानकारी मिली। बाद में ठेकेदार ने बताया कि वह मिट्टी के नीचे दब गया था और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद साइट पर बाहरी लोगों और मीडिया के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। खम्हारडीह थाना प्रभारी आईपीएस मान्सी नानाभाई साकुरे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

मृतक के परिवार में उसकी पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र पांच साल, तीन साल और नौ महीने बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार सदमे में है और परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Scroll to Top