रायपुर में पुलिस की सख्ती: एक रात में 129 नशे में गाड़ी चलाने वाले चालक पकड़े गए

राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रायपुर पुलिस द्वारा की गई अचानक चेकिंग में एक ही रात में 129 ऐसे चालक पकड़े गए जो शराब के नशे में वाहन चला रहे थे।

पुलिस ने इन सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। कई मामलों में वाहनों को जब्त कर लिया गया और नशे में पाए गए चालकों को पैदल घर भेजा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।]

यातायात एवं प्रोटोकॉल के पुलिस उपायुक्त विकास कुमार के निर्देश पर 5 अप्रैल की रात शहर के सात प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारियों और उनकी टीम ने ब्रीथ एनालाइजर के जरिए जांच की, जिसमें 129 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।

सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, इस साल जनवरी से अब तक कुल 1853 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। हर मामले में कोर्ट द्वारा न्यूनतम 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि कई मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध है और यह लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसलिए आगे भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top