छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस जांच के दौरान एक सूदखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। चोरी की बाइक की जांच करते-करते पुलिस को एक ऐसे शख्स का पता चला, जो ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर उन्हें परेशान करता था।
यह मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है, जहां ग्राम भकुर्रा निवासी चूड़ामणि गुप्ता लोगों को करीब 3% मासिक ब्याज पर पैसे उधार देता था। वह कर्ज के बदले बाइक, सोना-चांदी जैसी कीमती चीजें गिरवी रखवाता था और बाद में पैसे जल्दी लौटाने के लिए दबाव बनाकर लोगों को प्रताड़ित करता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से 8 बाइक और एक रजिस्टर बरामद किया है, जिसमें गिरवी रखे गए सामान और लेन-देन का पूरा हिसाब दर्ज था। इसी रजिस्टर से पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब गांव के ही 55 वर्षीय रामप्रसाद रतिया ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि घर बनाने के लिए उन्होंने 12 हजार रुपए उधार लिए थे और बदले में अपनी बाइक गिरवी रखी थी। कई महीनों तक ब्याज चुकाने के बावजूद आरोपी उन्हें लगातार परेशान करता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ ऋणियों के संरक्षण अधिनियम (कर्जा एक्ट) की धारा 4 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की गई। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे केवल बैंक या अधिकृत वित्तीय संस्थाओं से ही ऋण लें और ऐसे अवैध सूदखोरों से दूर रहें।

