बिलासपुर में सनसनी: चलती ट्रेन से धक्का देकर नाबालिग की हत्या, बॉयफ्रेंड समेत 3 हिरासत में

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड को चलती ट्रेन से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका 14 साल की थी और खैरागढ़ क्षेत्र की रहने वाली थी।

जानकारी के अनुसार, लड़की 28 मार्च को अपने घर से बिना बताए डोंगरगढ़ निवासी मोहन वर्मा के साथ चली गई थी। दोनों के साथ दो अन्य युवक भी थे। चारों वेनगंगा एक्सप्रेस से कोरबा जा रहे थे, तभी रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गुस्से में युवक ने लड़की को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

इधर, 29 मार्च को मस्तूरी पुलिस को किसान-परसदा के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का शव मिला था। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को सुरक्षित रखकर उसकी जानकारी आसपास के थानों में साझा की।

बाद में खैरागढ़ क्षेत्र से एक नाबालिग के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, जिन्होंने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। इसके बाद मामला स्पष्ट हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहन वर्मा समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पूछताछ में घटना की पूरी कड़ी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मृतका कक्षा 8वीं की छात्रा थी और अपने परिवार की चार बहनों में से एक थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आधिकारिक खुलासा करने की बात कही है।

Scroll to Top