छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में बदमाशों ने दो अलग-अलग घटनाओं में दहशत फैला दी। एक ओर बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से हमला किया गया, वहीं दूसरी घटना में चलती कार पर पथराव कर युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
पहली घटना कोटा-रतनपुर मार्ग पर लखनी देवी मंदिर के पास हुई। कोटा निवासी अजय ध्रुव अपने दोस्तों राहुल सिदार और रोहित धुर्वे के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक को लापरवाही से कट मारा।

इस पर जब अजय और उसके साथियों ने विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चारों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और अजय पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी पीठ में गंभीर चोट आई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक का इलाज कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। पुलिस के अनुसार अभी तक इस मामले में लिखित शिकायत नहीं मिली है।
दूसरी घटना रतनपुर थाना क्षेत्र में ही रात के समय हुई। रितिका सिंह अपने परिवार के साथ कार से मध्य प्रदेश के पुष्पराजगढ़ जा रही थी। जब उनकी कार बादल महल के पास पहुंची, तभी कुछ बदमाशों ने चलती कार पर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी।
तेज पथराव के दौरान एक बड़ा पत्थर कार का शीशा तोड़ते हुए आगे की सीट पर बैठी रितिका के सिर और चेहरे पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चालक ने किसी तरह वाहन को संभालते हुए रतनपुर बस्ती पहुंचाया।
घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

