बिलासपुर में बार संचालक से मारपीट, कांग्रेस नेता पर आरोप; बोले- पार्किंग को लेकर हुआ विवाद

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार देर रात एक बार संचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि Nazim Khan और उसके साथियों ने शराब नहीं मिलने पर विवाद करते हुए हमला किया।

घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। सिविल लाइन निवासी और अमिगोज बार संचालक मो. तौसिफ के अनुसार रात करीब 12:50 बजे नाजिम खान के लगातार फोन कॉल आ रहे थे। फोन उठाने पर उन्होंने शराब की मांग की, लेकिन बार बंद होने की बात कहने पर गाली-गलौज और धमकी दी गई।

तौसिफ के मुताबिक, वह तुरंत बार पहुंचा तो वहां नाजिम खान अपने साथियों सैय्यान बुखारी और सलमान खान के साथ मौजूद था। आरोप है कि शराब देने से इनकार करने पर पहले पैसे देने की बात कही गई और मना करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद डंडे और हाथ-मुक्कों से हमला किया गया, जिससे तौसिफ घायल हो गया।

घटना के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग वाहन का सायरन सुनकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में तौसिफ ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं Nazim Khan ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि विवाद शराब को लेकर नहीं, बल्कि बार के पीछे गाड़ी पार्किंग को लेकर हुआ था। उन्होंने कहा कि मामूली कहासुनी के बाद मामला वहीं खत्म हो गया था, लेकिन बाद में उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई गई।

नाजिम खान ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिना सीसीटीवी फुटेज की जांच किए एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Scroll to Top