Unnao के बारासगवर थाना क्षेत्र के कटरी इलाके में Ganga River का जलस्तर बढ़ने से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। नदी किनारे रेतीली जमीन पर उगाई गई सब्जियों की फसल पानी में डूब गई, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया।
भगवत नगर विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर गांव में किसानों ने करीब तीन महीने की मेहनत से टिंडा, तरबूज, ककड़ी और खीरे जैसी फसलें तैयार की थीं। ये फसलें लगभग तैयार अवस्था में थीं, लेकिन रात में अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से खेत जलमग्न हो गए।
प्रभावित किसानों में राम सजीवन, धनीराम और परमेश्वर जैसे कई किसान शामिल हैं। किसान धनीराम के अनुसार, उन्होंने खेती में करीब एक लाख रुपये का निवेश किया था, जो अब डूबता नजर आ रहा है।
फसलों के नष्ट होने से किसानों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। किसान रोहन कुमार ने बताया कि उन्होंने दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार की थी, लेकिन देखते ही देखते सब कुछ बर्बाद हो गया।
बढ़ते जलस्तर से क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है और वे प्रशासन से मदद की उम्मीद कर रहे हैं।

