बिलासपुर के रिसॉर्ट में हिरण शिकार का खुलासा: पका मांस मिला, मैनेजर सहित 4 गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के बेलगहना वन परिक्षेत्र में स्थित एक रिसॉर्ट में वन्यजीव शिकार का गंभीर मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने कुरदर स्थित एथनिक रिसॉर्ट में छापेमारी की, जहां किचन में कड़ाही में मांस पकता हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में इसे हिरण का मांस बताया जा रहा है।

जांच में यह भी सामने आया कि यह रिसॉर्ट पर्यटन मंडल द्वारा संचालित है और यहां काम करने वाले कर्मचारियों के लिए ही मांस तैयार किया जा रहा था। वन विभाग ने मौके से कुक रामकुमार टोप्पो, मैनेजर रजनीश सिंह तथा कर्मचारी रमेश यादव और संजय वर्मा को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया है।

पूछताछ के दौरान सभी आरोपी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए। मैनेजर और कर्मचारियों ने कुक को दोषी बताया, जबकि कुक ने कहा कि उसे गांव के एक व्यक्ति द्वारा मांस दिया गया था और उसे इसकी जानकारी नहीं थी कि यह किस जानवर का है।

वन विभाग ने जब्त मांस को जांच के लिए जबलपुर लैब भेजने का निर्णय लिया है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मांस वास्तव में हिरण का ही है या नहीं। फिलहाल जंगल में शिकार से जुड़े अन्य सबूत नहीं मिले हैं।

कोटा-बेलगहना क्षेत्र में पहले भी वन्यजीव शिकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां करंट लगाकर जंगली जानवरों का शिकार किए जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र में अवैध शिकार और निजी रिसॉर्ट्स की गतिविधियों पर सवाल उठने लगे हैं।

Scroll to Top