भिलाई की MBBS छात्रा अनुष्का सोन को फेमिना मिस इंडिया 2026 के 61वें संस्करण में मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 के रूप में चुना गया है। अब वे इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता की प्रारंभिक चयन प्रक्रिया कोलकाता में आयोजित हुई, जहां सैकड़ों प्रतिभागियों में से पांच फाइनलिस्ट का चयन किया गया। इसके बाद मुंबई में अंतिम ऑडिशन में अनुष्का ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर यह खिताब हासिल किया।

निर्णायक मंडल में नताशा ग्रोवर, निकिता पोरवाल (फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024), गोकुल गणेशन (मिस्टर इंडिया वर्ल्ड 2024), अल्तमास फराज, सचिन कुम्भार, डॉ. ब्लॉसम कोच्चर और संदीप सोपरकर जैसे प्रतिष्ठित नाम शामिल थे, जिन्होंने अनुष्का को विजेता घोषित किया।
देशभर से चयनित प्रतिभागियों को लगभग एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद भुवनेश्वर में भव्य ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा, जहां फेमिना मिस इंडिया 2026 का ताज विजेता के सिर सजने वाला है।
फेमिना मिस इंडिया टाइम्स ग्रुप के ब्रांड फेमिना के तहत आयोजित एक प्रमुख राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता है। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रतिभा और सामाजिक समझ का मूल्यांकन किया जाता है।

