बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना करगीखुर्द गांव में हुई, जहां आरोपी राजाराम साहू (21) ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोहन पांडे (52) पर लाठी और फरसे से हमला किया। हमला इतना गंभीर था कि मोहन पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए उनके साथी शरद कौशिक भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अभी अस्पताल में जारी है।

घटना के तुरंत बाद कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजाराम साहू को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके फरार साथियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कोटा थाने की पुलिस मामले की जांच में पूरी तरह जुटी हुई है।
घायल शरद कौशिक को कोटा पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटनास्थल पर एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम की मौजूदगी में पुलिस ने साक्ष्य एकत्र करने और मामले की जांच शुरू कर दी है।

