कानपुर में 11 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बिधनू थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 12 बजे हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में छिपा हुआ है। इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में टीम ने जब उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे सुरक्षित बच गए।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
यह आरोपी उस जघन्य अपराध में शामिल था, जिसमें 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद शव को घर से लगभग 300 मीटर दूर गेहूं के खेत में नग्न अवस्था में दबा दिया गया था। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को पकड़ चुकी है।
बुधवार को दिनभर चले विरोध और हंगामे के बाद परिजनों की मांगें मानने पर बच्ची का अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि तीसरे आरोपी को भी अब गिरफ्तार कर लिया गया है और गुरुवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

