कानपुर रेलवे ट्रैक पर जलता सिलेंडर मिला, बैग से प्रतापगढ़ के बुजुर्ग के दस्तावेज बरामद

कानपुर के कैंट क्षेत्र में दिल्ली-प्रयागराज रेलवे ट्रैक के पास बुधवार रात एक जलता हुआ छोटा गैस सिलेंडर मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना कानपुर सेंट्रल स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर दूर की है। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने ट्रैक किनारे आग जलती देख रेलवे अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद RPF और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

सिलेंडर के पास एक बैग भी बरामद हुआ, जिसमें कपड़े, बर्तन, झूला, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य सामान मौजूद था। दस्तावेजों के आधार पर बैग प्रतापगढ़ निवासी 52 वर्षीय ओम प्रकाश मिश्रा का बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि चलती ट्रेन से बैग गिरने के कारण सिलेंडर फट गया और उसमें आग लग गई। संभावना जताई जा रही है कि यह बैग प्रयागराज की ओर जा रही महाबोधि एक्सप्रेस से गिरा होगा।

परिजनों के अनुसार, ओम प्रकाश दिल्ली से प्रतापगढ़ के लिए निकले थे। वे दिल्ली में अपने बेटे के साथ रहते थे और सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। बेटे ने बताया कि वे शराब के आदी हैं और लगभग 7 हजार रुपये व सामान लेकर बिना बताए घर से चले गए थे। परिवार को आशंका है कि किसी विवाद के बाद वे गांव लौट रहे थे और इसी दौरान उनका बैग ट्रेन से गिर गया।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं गैस लीक होने पर यात्रियों ने सिलेंडर को बाहर तो नहीं फेंक दिया। पत्थर से टकराने पर सिलेंडर में छेद हो सकता है, जिससे आग भड़क उठी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, जीआरपी, आरपीएफ और क्राइम ब्रांच सभी एंगल से जांच कर रहे हैं। साजिश या शरारत की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। घटनास्थल पर कोई व्यक्ति नहीं मिला, लेकिन ओम प्रकाश का मोबाइल और दस्तावेज बरामद हुए हैं।

फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। ट्रेन में गैस सिलेंडर लेकर सफर करना नियमों के खिलाफ है, इसलिए मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि बैग गिरा था या जानबूझकर फेंका गया।

Scroll to Top