मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है। तेल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच भारत में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 114 रुपये की वृद्धि की गई है।
कीमत बढ़ने के साथ ही गैस सिलेंडर की सप्लाई भी प्रभावित होती दिखाई दे रही है। होली की छुट्टियों और अचानक बढ़ी मांग के कारण रीफिलिंग व्यवस्था धीमी पड़ गई है। रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी अब 5 से 6 दिन की देरी से हो रही है।
24 घंटे की जगह कई दिन लग रहे
नियमों के मुताबिक गैस कंपनियों का लक्ष्य बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी करना होता है। लेकिन होली के बाद से यह व्यवस्था प्रभावित हो गई है। कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद 4 से 5 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
सोशल मीडिया पर मैसेज से बढ़ी चिंता
इस बीच सोशल मीडिया पर एलपीजी सप्लाई बाधित होने के संदेश तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसके बाद गैस एजेंसियों में लोगों की पूछताछ बढ़ गई है और कई उपभोक्ता जल्द से जल्द बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं।
एजेंसियों का दावा- स्टॉक पर्याप्त
राजधानी रायपुर के एलपीजी एजेंसी संचालकों का कहना है कि शहर में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। हालांकि होली की छुट्टियों के कारण कई कर्मचारी वापस नहीं लौट पाए हैं, जिससे डिस्ट्रीब्यूशन में कुछ दिक्कत आ रही है। वहीं कंपनियों की ओर से घरेलू और कमर्शियल गैस की सप्लाई सीमित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उपभोक्ताओं की परेशानी
रायपुर के अमलीडीह निवासी एक उपभोक्ता के मुताबिक 5 मार्च को गैस खत्म हो गई थी और कई बार प्रयास के बाद शुक्रवार को बुकिंग हो सकी। लेकिन सिलेंडर की डिलीवरी सोमवार को हुई और उसी समय नया डीएसी नंबर जारी कर दिया गया, ताकि नई कीमत के हिसाब से डिलीवरी की जा सके।
वहीं दलदल सिवनी और डीडी नगर क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलेंडर मिल जाता था, लेकिन अब 3 से 5 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है।
25 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग
मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालात को देखते हुए तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर बुकिंग की समय सीमा भी बढ़ा दी है। अब एक सिलेंडर मिलने के बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद ही की जा सकेगी। पहले यह अवधि 21 दिन थी।
इसके साथ ही कंपनियों ने यह भी साफ किया है कि जिन उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं दी जाएगी।
एचपीसीएल ने अफवाहों से बचने की अपील की
इस बीच एचपीसीएल ने उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजकर कहा है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। सोशल मीडिया पर फैल रही सप्लाई संकट की खबरें भ्रामक हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

