खाड़ी देशों से भारत लौटना हुआ महंगा

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब खाड़ी देशों से भारत आने वाली फ्लाइट्स पर भी दिखाई देने लगा है। दुबई और अबूधाबी से भारत लौटने वाले यात्रियों को इस समय काफी महंगी टिकट खरीदनी पड़ रही है। यात्रियों के अनुसार दिल्ली और मुंबई के लिए फ्लाइट टिकट 70 हजार से लेकर लगभग 1.15 लाख रुपए तक में मिल रही है।

सीमित फ्लाइट्स से बढ़ी परेशानी

मौजूदा स्थिति में कई यात्रियों को मजबूरी में महंगे दामों पर टिकट लेकर भारत लौटना पड़ रहा है, जबकि कुछ लोग किराया कम होने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल दुबई, अबूधाबी, कतर और जेद्दा से दिल्ली और मुंबई के लिए सीमित संख्या में ही डायरेक्ट फ्लाइट्स चल रही हैं। युद्ध जैसी स्थिति के कारण कई कनेक्टिंग फ्लाइट्स बंद कर दी गई हैं, जिससे सस्ती यात्रा का विकल्प भी खत्म हो गया है।

सीटें कम, यात्रियों की संख्या ज्यादा

नेशनल ट्रैवल्स एंड टूर्स एसोसिएशन के मुताबिक इन शहरों से भारत के लिए रोजाना केवल दो से तीन फ्लाइट्स को ही अनुमति दी जा रही है। यात्रियों की संख्या अधिक और सीटें कम होने के कारण किराया तेजी से बढ़ गया है। सामान्य दिनों में दुबई और अबूधाबी से भारत आने का किराया करीब 10 से 14 हजार रुपए होता है, जबकि सीजन में यह 15 से 20 हजार रुपए तक रहता है। फिलहाल यही किराया बढ़कर लगभग एक लाख रुपए तक पहुंच गया है।

कई यात्रियों ने रद्द की यात्रा

दुबई और अबूधाबी जाने वाली कई टिकटें भी रद्द की जा रही हैं। ट्रैवल्स कंपनी संचालक भरत देव के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं के बाद दुबई घूमने की योजना बनाने वाले कई लोगों ने मौजूदा हालात को देखते हुए अपनी यात्रा रद्द कर दी है। मार्च के आखिरी सप्ताह और अप्रैल में जाने की योजना बनाने वाले लोग भी फिलहाल स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।

दुबई में फंसे लोगों की हो रही मदद

दुबई में रहने वाले रायपुर के श्रेयांश श्रीवास्तव ने बताया कि वहां फंसे भारतीयों की मदद के लिए सामाजिक संगठन आगे आ रहे हैं। लोगों को रहने और भोजन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जा रही है। टिकटों के महंगे होने के कारण कई लोग समूह में टिकट बुक कर रहे हैं ताकि वे किसी तरह भारत वापस लौट सकें।

डायरेक्ट फ्लाइट को मिल रही प्राथमिकता

दुबई से लौटे भावेश झा के मुताबिक वहां की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। हालांकि कनेक्टिंग फ्लाइट लेने पर उसके रद्द होने का खतरा बना रहता है। यही वजह है कि लोग ज्यादा किराया होने के बावजूद डायरेक्ट फ्लाइट से ही यात्रा करना बेहतर समझ रहे हैं।

युद्ध के कारण क्यों बढ़ते हैं किराए

विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय तनाव या युद्ध की स्थिति में एयरलाइंस कंपनियां सुरक्षा कारणों से कई देशों के एयरस्पेस से बचते हुए लंबा रूट अपनाती हैं। इससे उड़ान का समय और ईंधन खर्च बढ़ जाता है, जिसके कारण टिकट की कीमतें भी अचानक बढ़ जाती हैं।

अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है स्थिति

ट्रैवल्स एंड टूर एसोसिएशन की संरक्षक कीर्ति व्यास के अनुसार दुबई, अबूधाबी, जेद्दा और कतर जैसे शहरों के लिए फिलहाल नई बुकिंग सीमित है। अधिकतर लोग भारत लौटने के लिए ही टिकट ले रहे हैं। विकल्प कम होने के कारण किराया बढ़ गया है और आने वाले चार से पांच दिनों तक यही स्थिति बने रहने की संभावना है।

Scroll to Top