छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए लक्ष्मी वर्मा का नाम तय, भाजपा ने जताया भरोसा

भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव के लिए श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने एक अनुभवी और संगठन से जुड़ी जमीनी नेता को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में कार्यरत हैं।

संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका

लक्ष्मी वर्मा का राजनीतिक सफर काफी सक्रिय और प्रभावशाली रहा है। वे भाजपा में प्रदेश उपाध्यक्ष और पार्टी प्रवक्ता जैसे महत्वपूर्ण दायित्व संभाल चुकी हैं। इसके अलावा रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन में सक्रिय रहते हुए उन्होंने एक समर्पित कार्यकर्ता की पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर बधाई दी है। दोनों नेताओं ने उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे राज्यसभा में प्रदेश का सशक्त पक्ष रखेंगी।

भाजपा के इस निर्णय को महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Scroll to Top