बिलासपुर में बीच सड़क हंगामा: महिला ने ऑटो चालक की पिटाई की, बच्चियों से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने सार्वजनिक सड़क पर एक ऑटो चालक की पिटाई कर दी। मामला सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अटल आवास के पास का बताया जा रहा है। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बच्चियों से अभद्रता का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के मुताबिक, महिला का आरोप है कि ऑटो चालक ने नाबालिग बच्चियों के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की। इसी बात से आक्रोशित होकर महिला ने बीच सड़क पर ही चालक को रोक लिया और उसका कॉलर पकड़कर उसे पीटना शुरू कर दिया।

हाथ जोड़कर सफाई देता रहा चालक

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ऑटो चालक लोगों की मौजूदगी में हाथ जोड़कर खुद को निर्दोष बताता रहा और लगातार माफी की गुहार लगाता रहा। हालांकि महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ। घटना के दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप करने की कोशिश नहीं की।

‘थाने चलो’ कहकर साथ ले गई महिला

बताया जा रहा है कि कुछ देर हंगामे के बाद महिला ने चालक से कहा, “थाने चलो”, और उसे उसी के ऑटो में बैठाकर वहां से ले गई।
फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है कि चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं। पुलिस प्रशासन की ओर से भी अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

Scroll to Top