मुंह ढककर पहुंचे आरोपी, CCTV फुटेज के सहारे पहचान में जुटी पुलिस
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए 7 लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने दुकानों के ताले और छप्पर तोड़कर भीतर घुसकर गल्लों में रखी रकम पर हाथ साफ किया। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कपड़े की दुकान से ढाई लाख से ज्यादा की चोरी

सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, लाभांडी निवासी 70 वर्षीय शिव कुमार वर्मा की पंडरी इलाके में “लब-डब” नाम से कपड़ों की दुकान है। 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे।
1 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे जब उन्होंने दुकान खोली, तो गल्ले का दराज खुला मिला और उसमें रखी करीब 2 लाख 75 हजार रुपये की नकदी गायब थी। जांच में सामने आया कि चोर छप्पर की टिन शेड तोड़कर दुकान के भीतर दाखिल हुए थे।
फर्नीचर और हार्डवेयर दुकान भी बनी निशाना
इसी इलाके में स्थित “नोवा फर्नीचर” दुकान में भी चोरों ने छप्पर तोड़कर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब 1 लाख 40 हजार रुपये चोरी कर लिए।
वहीं तीसरी चोरी पास की “डिजाइनर सेनिटेशन एंड हार्डवेयर” दुकान में हुई, जहां से चोर लगभग 2 लाख 85 हजार रुपये नकद ले उड़े। तीनों दुकानों से कुल मिलाकर करीब 7 लाख रुपये की चोरी होना सामने आया है।

CCTV में कैद हुई वारदात
पीड़ित कारोबारियों की शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। रिकॉर्डिंग में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी मुंह में कपड़ा बांधकर दुकानों में दाखिल होते हैं, चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं और फिर फरार हो जाते हैं।
पुलिस ने दुकानदारों के साथ-साथ दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों के भी बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस का दावा—जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

