रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। दोनों टीमें गुरुवार को ही रायपुर पहुंच चुकी हैं।
मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। भीड़ और जाम से बचने के लिए नया रायपुर क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

एंट्री टाइम और नियमों में बदलाव
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के अनुसार, मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर 4 बजे खोल दिए जाएंगे।
संघ ने स्पष्ट किया है कि पहली पारी समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा।
इसके अलावा,
- बिना फिजिकल टिकट एंट्री नहीं मिलेगी
- सीटें पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर होंगी
सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पिछले वनडे मैच के दौरान हुई अव्यवस्था से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा को और सख्त किया गया है।
- स्टेडियम में 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स तैनात किए गए हैं
- 13 एंट्री गेट्स पर लोहे की रेलिंग लगाई गई है
- क्रिकेट संघ के 45 अधिकारी पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे
स्टेडियम के सभी गेट्स पर पुलिस, प्राइवेट गार्ड और CSCS स्टाफ की तिहरी निगरानी रहेगी। बाउंड्री लाइन पर भी बाउंसर्स तैनात किए जाएंगे, ताकि कोई दर्शक मैदान में प्रवेश न कर सके।

800 से 25 हजार तक टिकट, सभी 35 हजार बिके
इस टी-20 मुकाबले के लिए टिकट की कीमत 800 रुपए से लेकर 25 हजार रुपए तक रखी गई थी। शुरुआत के तीन दिनों में टिकट बिक्री धीमी रही, लेकिन चौथे दिन सभी 35,000 टिकट पूरी तरह बिक गए।

CSCS अध्यक्ष ने क्या कहा
CSCS अध्यक्ष विजय शाह ने बताया कि पिछली बार सुरक्षा में कुछ कमियां रही थीं, जिस पर BCCI ने भी संज्ञान लिया था। इस बार सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी की गई है और किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।
IND vs NZ टीम स्क्वॉड

टीम इंडिया:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, ईशान किशन (विकेटकीपर)
न्यूजीलैंड:
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, बेवन जैकब्स, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम रॉबिन्सन, ईश सोढ़ी

