रायपुर-आरंग NH-53 पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाईवा ने पिता-पुत्र और 6 साल के मासूम को कुचला, तीनों की मौत

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से आरंग को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मुरुम लोड हाईवा ने बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शव सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में बिखर गए। मृतकों में एक 6 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।

यह घटना आरंग थाना क्षेत्र के निसदा मोड़ के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मछली पकड़ने निकले थे, रास्ते में हो गया हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरंग के बागेश्वर पारा निवासी श्रवण जलक्षत्री (40) और उनका बेटा मंगलू जलक्षत्री (28) शुक्रवार सुबह मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे। उनके साथ मंगलू का 6 वर्षीय बेटा तिलक जलक्षत्री भी मौजूद था। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे।

बताया जा रहा है कि बाइक रांग साइड से पुल की ओर जा रही थी। इसी दौरान महासमुंद की दिशा से आ रहा तेज रफ्तार मुरुम लोड हाईवा अनियंत्रित हो गया और सीधे बाइक सवारों को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद हाईवा का टायर चढ़ा, मौके पर मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हाईवा का टायर उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर खून फैल गया और शवों के कई हिस्से दूर-दूर तक बिखर गए।

हादसे के बाद हाईवे पर चक्काजाम

घटना के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि वाहन वहीं छोड़ दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आक्रोश में आकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।

ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी

सूचना मिलने पर आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराया। पुलिस ने सड़क पर बिखरे शवों के अवशेषों को एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

आरंग थाना पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया गया है, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Scroll to Top