आम यात्रियों पर बढ़ा बोझ, रायपुर रेलवे स्टेशन पर कार पार्किंग शुल्क में इजाफा

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर वाहन से आने-जाने वाले यात्रियों को अब अधिक जेब ढीली करनी पड़ेगी। रेलवे स्टेशन परिसर में कार पार्किंग के शुल्क में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम लोगों को सीधा आर्थिक झटका लगा है। नई दरें 8 जनवरी से लागू कर दी गई हैं।

नई व्यवस्था के तहत अब दो घंटे तक कार पार्क करने के लिए पहले की तुलना में 20 रुपये अधिक चुकाने होंगे। पहले जहां दो घंटे की पार्किंग का शुल्क 30 रुपये था, अब वही बढ़कर 50 रुपये हो गया है। इसी तरह पूरे दिन की पार्किंग का शुल्क भी 200 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये कर दिया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार पार्किंग शुल्क बढ़ाने का मुख्य कारण स्टेशन पार्किंग के ठेके की राशि में हुई बड़ी बढ़ोतरी है। पहले यह ठेका करीब 30 लाख रुपये में दिया जाता था, जबकि इस बार यह बढ़कर लगभग एक करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ठेके की लागत में भारी इजाफे के चलते पार्किंग दरें बढ़ाई गई हैं, जिसका असर सीधे यात्रियों पर पड़ रहा है।

रायपुर रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 70 हजार से अधिक यात्रियों की आवाजाही होती है। बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से स्टेशन पहुंचते हैं, जिसके चलते पार्किंग लगभग हर समय भरी रहती है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नया पार्किंग टेंडर तीन वर्षों के लिए जारी किया गया है, यानी यात्रियों को अगले तीन साल तक बढ़ी हुई दरों पर ही पार्किंग शुल्क देना होगा।

नया और पुराना पार्किंग शुल्क इस प्रकार है:

  • 2 घंटे: पहले 30 रुपये, अब 50 रुपये
  • 2 से 6 घंटे: पहले 50 रुपये, अब 80 रुपये
  • 6 से 12 घंटे: पहले 100 रुपये, अब 120 रुपये
  • 12 से 24 घंटे: पहले 150 रुपये, अब 180 रुपये
  • 24 घंटे: पहले 200 रुपये, अब 250 रुपये

प्रीमियम पार्किंग पर ज्यादा शुल्क

रेलवे स्टेशन परिसर में एक सामान्य पार्किंग क्षेत्र के अलावा एक प्रीमियम पार्किंग एरिया भी है, जहां एक साथ करीब 120 कारें खड़ी की जा सकती हैं। इस प्रीमियम पार्किंग में वाहनों के लिए अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा, जिसे लेकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 120 ट्रेनें आती-जाती हैं, ऐसे में बढ़े हुए पार्किंग चार्ज को लेकर विरोध भी शुरू हो गया है।

Scroll to Top