9 माह की गर्भवती शिक्षिका से मारपीट का आरोप: प्राचार्य पर थप्पड़ और पेट में मुक्का मारने की शिकायत
अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बसकेपी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कार्यरत एक 9 माह की गर्भवती शिक्षिका ने स्कूल के प्राचार्य पर थप्पड़ मारने और पेट में मुक्का मारने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित शिक्षिका ने इस घटना की लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से करते हुए प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और शिक्षक संगठनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
छुट्टी को लेकर हुआ विवाद
शिक्षिका अनिमा लकड़ा के अनुसार, बलरामपुर जिले में पड़ रही अत्यधिक ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा छुट्टी घोषित की गई थी। इसी के तहत उन्होंने 6 जनवरी को ऑनलाइन माध्यम से अवकाश लिया था। अगले दिन 7 जनवरी को वह समय से पहले, सुबह 10 बजे से पूर्व स्कूल पहुंच गईं, इसके बावजूद प्राचार्य ने उन्हें उपस्थिति रजिस्टर में अनुपस्थित दर्ज कर दिया।
जब शिक्षिका ने इसका कारण पूछा तो प्राचार्य मंगना राम ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर उनके साथ मारपीट की। शिक्षिका का आरोप है कि प्राचार्य ने उन्हें थप्पड़ मारे और पेट में भी मुक्का मारा, जबकि वह गर्भावस्था की अंतिम अवस्था में हैं।
शिक्षक संघ का विरोध, निलंबन की मांग
घटना की जानकारी सामने आते ही छत्तीसगढ़ टीचर एसोसिएशन ने मामले की कड़ी निंदा की है। संघ ने इसे महिला और गर्भवती शिक्षिका के सम्मान के खिलाफ बताते हुए प्राचार्य के तत्काल निलंबन की मांग की है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

