अंबिकापुर शहर के गांधीनगर वार्ड क्रमांक 7 में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। एक युवती और उसके साथ मौजूद दो युवकों ने मिलकर एक अधेड़ व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
शनिवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। वार्ड पार्षद विपिन पांडेय की सूचना पर गांधीनगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के सीने पर चाकू के गंभीर निशान पाए गए।
CCTV में कैद युवती की धमकी
पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि वारदात से पहले युवती मृतक से कहती है—
“तू मेरे को हाथ कैसे लगाया, तू जानता नहीं है कि मैं कौन हूं?”
इसके तुरंत बाद उसके साथ मौजूद दो युवक चाकू से हमला कर देते हैं, जिससे मौके पर ही व्यक्ति की मौत हो जाती है।

युवती गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दोनों युवक फरार हैं। उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
मृतक की पहचान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गांधीनगर पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बबलू मंडल (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सुभाषनगर वार्ड क्रमांक 2, बाबरा पेट्रोल पंप के सामने गली में रहता था। वह ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
मृतक के पुत्र दीप मंडल (24 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उसके पिता रात करीब 10:30 बजे तक घर के पास ही बैठे थे, इसके बाद वे घर नहीं लौटे। सुबह उनकी हत्या की खबर मिली।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

