दुर्ग में चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले में हुई चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुरानी भिलाई और जामुल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। दोनों मामलों में चोरी गई लाखों रुपये की संपत्ति भी पुलिस ने बरामद कर ली है।

मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी
पहली घटना 5 जुलाई 2025 की है, जब पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरों ने शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने दुकान से कीपैड मोबाइल, एयर बर्ड, पुराने मोबाइल और नगद राशि सहित करीब 40 हजार रुपये की चोरी की थी।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खुर्सीपार निवासी कुलदीप कौशिक चोरी के मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथी विराज निर्मलकर के साथ चोरी करना कबूल किया। दोनों के पास से 6 कीपैड मोबाइल और 2 एयर बर्ड बरामद किए गए। नगद रकम खर्च हो चुकी थी। दोनों आरोपियों को 29 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

सूने मकान से जेवरात और नकदी चोरी
दूसरी वारदात जामुल थाना क्षेत्र के शंकर नगर छावनी की है। यहां एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने करीब दो लाख रुपये की चोरी की। मकान मालिक पुरेंद्र कुमार साहू अपनी पत्नी के इलाज के लिए रायपुर गए हुए थे। लौटने पर घर से सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के और नकदी गायब मिले, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई।

मुखबिर की सूचना और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर पुलिस ने खुर्सीपार निवासी कुलदीप सिंह उर्फ बी. कुलदीप और एस. विनय उर्फ बुल्लू को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की। उनके कब्जे से सोने की अंगूठी, टॉप्स, 9 चांदी के सिक्के, चांदी की बिछिया समेत कुल 1 लाख 83 हजार 500 रुपये की संपत्ति बरामद की गई। दोनों आरोपियों को 29 दिसंबर 2025 को केन्द्रीय जेल दुर्ग भेजा गया।

अन्य मामलों की भी जांच जारी
दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में दर्ज अन्य चोरी के मामलों में भी लगातार जांच चल रही है। कई मामलों में अहम सुराग मिले हैं और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस साल के अधिकतर लंबित मामलों का निराकरण कर लिया गया है और शेष पर कार्रवाई तेज की जा रही है।

Scroll to Top