त्योहार बीते, भीड़ नहीं घटी: रायपुर से वाराणसी-हावड़ा तक की ट्रेनों में दिसंबर तक ‘नो रूम’

दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्यौहार खत्म हो चुके हैं, लेकिन ट्रेनों में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही। रायपुर से उत्तर भारत की ओर जाने वाली अधिकतर ट्रेनों में अब भी यात्रियों की भारी भीड़ है। वाराणसी, प्रयागराज और हावड़ा रूट की ट्रेनों में 6 दिसंबर तक “नो रूम” या लंबी वेटिंग लिस्ट दिखाई दे रही है।

रेलवे की वेबसाइट पर लगभग हर ट्रेन में सीटें फुल हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। वहीं, दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर और दरभंगा जाने वाली एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों की स्थिति भी इसी तरह की है।

रेलवे सूत्रों का कहना है कि त्यौहार खत्म होने के बाद भी बड़ी संख्या में छात्र, कामकाजी लोग और परिवार अपने गृहनगरों से लौट रहे हैं, जिसके कारण ट्रेनों में भीड़ बरकरार है।


रायपुर स्टेशन से हर दिन 70 हजार से ज्यादा यात्री

रायपुर रेलवे स्टेशन से रोजाना लगभग 70 हजार यात्री यात्रा करते हैं, जबकि त्योहारी सीजन या गर्मियों की छुट्टियों में यह संख्या एक लाख के करीब पहुंच जाती है। छत्तीसगढ़ में उत्तर भारत के लोगों की बड़ी आबादी होने के कारण इस दिशा की ट्रेनों में हमेशा दबाव बना रहता है।

त्योहारी सीजन में लगभग सभी ट्रेनें एडवांस बुकिंग में फुल हो जाती हैं। जिन यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रही, वे बसों को विकल्प के रूप में चुन रहे हैं।

बस ऑपरेटरों के मुताबिक, रायपुर से उत्तर प्रदेश के लिए दो वैध रूट पर बसें संचालित की जा रही हैं। ट्रेनों के फुल रहने के कारण इन बस रूटों में भी अब यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।


तत्काल टिकट भी सेकेंडों में हो रही बुक

रेलवे की ओर से हावड़ा और उत्तर प्रदेश रूट की ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं, लेकिन यह कदम भी भीड़ को कम करने में पर्याप्त साबित नहीं हो रहा। यात्रियों के पास अब केवल तत्काल टिकट ही एकमात्र विकल्प बचा है।

हालांकि, तत्काल कोटे में सीमित सीटें होती हैं, जो कुछ ही सेकेंडों में बुक हो जाती हैं। इसके कारण आम यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलना लगभग असंभव हो गया है।

Scroll to Top