रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई इलाके में शुक्रवार सुबह एक बार फिर सनसनी फैल गई, जब सीतला तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। सुबह-सुबह स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची खमतराई पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान अर्जुन यादव के रूप में की।

जानकारी के मुताबिक, अर्जुन यादव खमतराई क्षेत्र में ही लालू नामक व्यक्ति की दुकान में समोसा बेचने का काम करता था। पुलिस ने जब शव की तलाशी ली, तो अर्जुन की जेब से शराब की एक बोतल मिली। इस वजह से मौत का मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अब मौत के सही कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अर्जुन को गुरुवार देर रात तक दुकान के पास देखा गया था। सुबह जब लोगों ने तालाब में लाश देखी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
गौर करने वाली बात यह है कि सीतला तालाब में इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले कुछ महीनों में दो से तीन बार यहां से शव बरामद किए जा चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने इलाके के लोगों में डर और नाराजगी दोनों पैदा कर दिए हैं।
खमतराई थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत डूबने से हुई या किसी और वजह से। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
(Source: News22 Bharat)

