केस लड़ते-लड़ते प्यार में पड़ा वकील: महिला को तलाक दिलाने के बाद किया दुष्कर्म, शादी से मुकरा तो पहुंचा जेल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक वकील पर अपने ही मुवक्किल के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। सरकंडा इलाके की रहने वाली महिला का केस लड़ते-लड़ते वकील ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं। पहले उसने महिला को उसके पति से तलाक दिलाया, फिर शादी का वादा करके संबंध बनाए। बाद में जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो वकील ने इंकार कर दिया और मारपीट भी की। महिला की शिकायत पर आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया गया है।

तलाक केस के दौरान हुआ वकील से प्रेम संबंध

पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय पीड़िता का विवाह कुछ साल पहले हुआ था, लेकिन पति के साथ उसका रिश्ता खराब था। आए दिन झगड़ों और मारपीट से परेशान होकर उसने तलाक के लिए न्यायालय में याचिका दाखिल की।
वर्ष 2025 में महिला ने अपने केस की पैरवी के लिए सरकंडा क्षेत्र के लतेल बाड़ा निवासी वकील पवन अवस्थी को नियुक्त किया। कोर्ट में केस चलने के दौरान दोनों के बीच लगातार मुलाकातें होती रहीं और इसी दौरान वकील ने महिला से प्रेम का इजहार किया।

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

महिला के अनुसार, वकील ने बताया कि उसकी भी अपनी पत्नी से नहीं बनती और वह जल्द ही तलाक लेकर उससे शादी करेगा। इस भरोसे पर महिला ने उस पर विश्वास किया, जिसके बाद दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। लेकिन तलाक का मामला खत्म होने के बाद वकील का रवैया बदल गया।

शादी के दबाव पर की मारपीट

जब महिला ने शादी के लिए जोर दिया, तो वकील ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में उसने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया। इस दौरान उसने महिला से झगड़ा किया, उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया और मारपीट की।
इसके बाद परेशान होकर महिला ने 2 नवंबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने वकील के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी के तहत मामला दर्ज किया और 3 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल सरकंडा पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी बयान दर्ज कर केस को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।

Scroll to Top