रायपुर के कचना इलाके की बीएसयूपी कॉलोनी रविवार शाम उस वक्त दहशत में आ गई जब 15 साल के नाबालिग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। भीड़ ने आरोपी के घर को घेर लिया और आगजनी की कोशिश की। पुलिस ने हालात संभालने के लिए इलाके में भारी बल तैनात किया है।
जुआ खेलने से मना किया, तो कर दी हत्या
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे विवेक तांड़ी (16) अपने बड़े भाई सुमीत तांड़ी (22) के साथ बाजार जा रहा था। रास्ते में कॉलोनी निवासी कृष्ण देवार नगराहा उर्फ तोडू (22) मिला और विवेक से जुआ खेलने की जिद करने लगा। विवेक के मना करने पर कृष्ण भड़क गया और चाकू निकालकर विवेक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
बीच-बचाव करने पहुंचे सुमीत पर भी हमला किया गया, जिससे उसके हाथ में चोट आई। दोनों भाइयों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई।
आरोपी पहले भी खेल चुका था जुआ, हार से था नाराज
पुलिस जांच में पता चला कि कॉलोनी में पिछले कई दिनों से त्योहारों के दौरान जुआ खेला जा रहा था। शनिवार की रात हुए खेल में विवेक और सुमीत ने पैसा जीता था, जबकि कृष्ण हार गया था। इसी रंजिश में उसने अगली शाम विवेक पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के बाद कॉलोनी में भड़का गुस्सा
विवेक की मौत की खबर फैलते ही कॉलोनी के लोगों में गुस्सा भड़क उठा। भीड़ ने आरोपी के घर को घेर लिया और बाहर रखे सामान में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ ने घेर लिया और आरोपी को सौंपने की मांग की। सोमवार रात तक इलाके में तनाव बना रहा, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया।
राजधानी में बढ़ रहे हैं हत्या के मामले
रायपुर में बीते एक महीने में कई हत्या की घटनाएं सामने आई हैं —
- 10 अक्टूबर को नर्स प्रियंका दास की उसके प्रेमी दुर्गेश ने चाकू मारकर हत्या कर दी।
- 21 अक्टूबर को ताहिर हुसैन की सूरज और मदन यादव ने मिलकर हत्या की।
- 1 नवंबर को छछानपैरी में श्याम ध्रुव को रंजिश में संजय नेताम ने मौत के घाट उतारा।
लगातार बढ़ती वारदातों से राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

