राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। पंजाब से हेरोइन लेकर आए दो तस्करों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी शहर में मादक पदार्थ की सप्लाई करने पहुंचे थे और ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से हेरोइन, तौल मशीन, मोबाइल और एक ट्रेलर वाहन जब्त किया है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।

ग्राहक का इंतजार कर रहे थे आरोपी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को 3 नवंबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रैफिक थाने से कुछ ही दूरी पर सर्विस रोड पर खड़े एक ट्रेलर वाहन में दो युवक बैठे हैं जो हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब से लाते थे माल, रायपुर में बेचते थे
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मंजीत सिंह और हरदीप सिंह (दोनों निवासी पंजाब) बताए। उन्होंने स्वीकार किया कि वे पंजाब से हेरोइन लाकर रायपुर में सप्लाई करने का काम करते हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि ये तस्कर पहले कितनी बार रायपुर आ चुके हैं और उनका संपर्क किस नेटवर्क से है।

3 लाख से अधिक की हेरोइन जब्त
आरोपियों के पास से पुलिस ने 34.60 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक तौल मशीन, दो मोबाइल फोन, और एक ट्रेलर वाहन (क्रमांक CG-04-HX-622) जब्त किया है। जब्त हेरोइन की कीमत करीब 3 लाख 46 हजार रुपए और कुल बरामद सामान की कीमत 18 लाख रुपए आंकी गई है।
रायपुर बनता जा रहा है ड्रग्स का नया हब
पिछले कुछ महीनों में रायपुर पुलिस ने ड्रग्स के नेटवर्क पर कई बड़ी कार्रवाई की है। देवेंद्र नगर, टिकरापारा, कोतवाली, कबीर नगर, तेलीबांधा और गंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस अब तक 35 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें पंजाब, दिल्ली, मुंबई और नागपुर के तस्कर शामिल हैं। कई मामलों में महिलाओं की भी संलिप्तता सामने आई है।
इसके बावजूद, रायपुर में ड्रग्स सिंडिकेट फिर से सक्रिय हो रहा है, जिससे पुलिस सतर्क हो गई है।



