छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर रायपुर के आसमान में कल यानी 5 नवंबर को रोमांचक दृश्य देखने को मिलेंगे। भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) अपने शानदार करतबों से लोगों का दिल जीतने को तैयार है।
नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर यह एयर शो आयोजित होगा, जहां 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स एक साथ आसमान में उड़ान भरेंगे और “हार्ट इन द स्काई”, “बॉम्ब बर्स्ट” और “एरोहेड” जैसे अद्भुत फॉर्मेशन पेश करेंगे।

छत्तीसगढ़ के गौरव भी होंगे हिस्सा
इस एयर शो में छत्तीसगढ़ के बेटे स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल, जो महासमुंद जिले के रहने वाले हैं, सूर्यकिरण टीम का हिस्सा होंगे। गौरव ने बताया कि यह उनके लिए बेहद गर्व का पल है क्योंकि वे अपने ही राज्य की धरती पर उड़ान भरने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “जब 9 विमान आसमान में तिरंगा बनाते हैं, तब हर भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना स्वतः जाग उठती है।”
ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी के हाथों में शो की कमान
सूर्यकिरण टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी करेंगे। उन्होंने कहा कि टीम को लीड करने के लिए अत्यधिक अनुशासन, मेहनत और आपसी विश्वास की आवश्यकता होती है। अजय पिछले एक साल से टीम का नेतृत्व कर रहे हैं और अब तक 50 से अधिक एयर शो कर चुके हैं।
फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू होंगी ‘वॉयस ऑफ द स्काई’
एयर शो के दौरान फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू कमेंट्री की जिम्मेदारी निभाएंगी। उन्होंने कहा कि वे चाहती हैं कि छत्तीसगढ़ की बेटियां समझें कि “महिला होना कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत है।” कंवल की भूमिका दर्शकों और आसमान में उड़ते विमानों के बीच एक सेतु की तरह होगी।
हॉक एमके-132 से होगा रोमांचक प्रदर्शन
भारतीय वायुसेना इस एयर शो में हॉक एमके-132 जेट्स का उपयोग करेगी। ये एडवांस्ड ट्रेनर एयरक्राफ्ट हैं, जिनका इस्तेमाल पायलटों के प्रशिक्षण और सीमित युद्ध संचालन में किया जाता है। लगभग 15 साल बाद छत्तीसगढ़ में इतना बड़ा एयर शो आयोजित हो रहा है, और यह पहली बार होगा जब सूर्यकिरण टीम हॉक एमके-132 से करतब दिखाएगी।
आम जनता के लिए फ्री एंट्री और बस सेवा
यह एयर शो सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। साथ ही, आम लोगों की सुविधा के लिए रायपुर शहर से नवा रायपुर तक फ्री बस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है।
बसें रायपुर रेलवे स्टेशन, भाठागांव, तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, साइंस कॉलेज और कालीबाड़ी चौक से सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक चलेंगी।
भारतीय वायुसेना का उद्देश्य केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, देशभक्ति और समर्पण के साथ देश सेवा के लिए प्रेरित करना है।

