छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हाल ही में हुए गोलीकांड ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को हिला कर रख दिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस हमले के पीछे युवा कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष विश्वजीत अनंत का हाथ था, जिसने राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद के चलते कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह की हत्या की साजिश रची थी।
विश्वजीत और उसके साथियों ने पहले दो बार हत्या की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। तीसरी बार, 28 अक्टूबर की शाम उन्होंने नितेश सिंह के मस्तूरी स्थित ऑफिस के बाहर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि, हमले में नितेश बाल-बाल बच गए और उनके साथियों को मामूली चोटें आईं।
24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही मास्टरमाइंड विश्वजीत अनंत, उसके भाइयों और साथियों सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि हमले के दौरान 14 राउंड फायरिंग की गई थी। अगर हमलावर प्रोफेशनल शूटर होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने मौके से दो देसी पिस्टल, एक कट्टा, कई कारतूस और मैगजीन बरामद किए हैं।
राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद से उपजी रंजिश
जांच में सामने आया है कि आरोपी विश्वजीत अनंत और नितेश सिंह के बीच राजनीतिक गुटबाजी और जमीन विवाद लंबे समय से चल रहा था। नितेश ने जनपद उपाध्यक्ष चुनाव में नागेंद्र राय को हराया था, जो अब विपक्षी गुट में हैं। पुलिस का मानना है कि इसी राजनीतिक प्रतिद्वंदिता और वर्चस्व की लड़ाई ने इस घटना को जन्म दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए आरोपी के मंत्री और धार्मिक गुरुओं के साथ फोटो
गिरफ्तारी के बाद विश्वजीत अनंत के सोशल मीडिया अकाउंट से कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें वह राज्य सरकार के मंत्री और समाज के धार्मिक गुरुओं के साथ दिखाई दे रहा है। इनमें मंत्री खुशवंत साहेब के साथ उसके करीबी संबंधों की झलक मिलती है।
यह भी सामने आया कि घटना के बाद विश्वजीत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो स्टोरी अपलोड की, जिसमें वह कार चलाते हुए बैकग्राउंड में “बंदूक लाठी चाहे गोली बरसाए” गाने पर रील बना रहा था।
पुलिस जुटा रही हथियारों के स्रोत की जानकारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों को हथियार और कारतूस कहां से मिले। एसएसपी ने कहा है कि अवैध हथियार सप्लाई चेन से जुड़े सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भी पहचान कर रही है।

