बिलासपुर में नर्सिंग छात्रा ने की खुदकुशी: क्लास के बाद लौटी अकेले, हॉस्टल के कमरे में फांसी पर लटकती मिली; मोबाइल पर आते थे अनजान कॉल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नर्सिंग कॉलेज की एक छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना मंगलवार की शाम मस्तूरी थाना क्षेत्र में हुई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय यामिनी कोसले, निवासी लोहर्सी गांव (पचपेड़ी) के रूप में की गई है। यामिनी संदीपनी नर्सिंग कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा थी और पेंड्री स्थित एक निजी हॉस्टल में रहती थी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को यामिनी अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज गई थी। क्लास खत्म होने के बाद वह दोपहर में सहेलियों से पहले हॉस्टल लौट आई। शाम करीब साढ़े छह बजे जब बाकी छात्राएं हॉस्टल पहुंचीं, तो उन्होंने यामिनी को कमरे के पंखे से लटकता पाया। तुरंत इसकी सूचना हॉस्टल संचालक और पुलिस को दी गई।

मौके पर नहीं मिला सुसाइड नोट, मौत की वजह बनी रहस्य

पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

अनजान नंबरों से आ रहे थे फोन, पुलिस कर रही कॉल डिटेल जांच

जांच में सामने आया है कि यामिनी को पिछले कुछ दिनों से अनजान नंबरों से फोन कॉल आ रहे थे। पुलिस ने इन कॉल्स को लेकर परिजनों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने किसी भी नंबर को पहचानने से इनकार किया।

थाना प्रभारी हरीश टांडेकर ने बताया कि छात्रा का मोबाइल जब्त कर लिया गया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

Scroll to Top