बरगद के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, प्रेम-प्रसंग में उठाया आत्मघाती कदम – त्योहार मनाने गांव आया था इलेक्ट्रिशियन

दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव बरगद के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना ग्राम पंदर के खेल मैदान की है, जहां ग्रामीणों ने सुबह-सुबह शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके से युवक की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स बरामद किए गए हैं।

मृतक की पहचान अरुण कुमार साहू (22 वर्ष) निवासी ग्राम कुम्हली के रूप में हुई है। अरुण पेशे से इलेक्ट्रिशियन था और रायपुर में किराए के मकान में रहकर काम करता था। दीपावली के मौके पर वह अपने गांव लौटा था।

प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला होने की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि अरुण पिछले कुछ समय से मोबाइल में व्यस्त रहता था और आसपास के लोगों से दूरी बनाए हुए था।

सोमवार दोपहर करीब 2 बजे वह घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। अगली सुबह ग्रामीणों ने खेल मैदान के पास उसके शव को देखा।

पिता ने भी की थी आत्महत्या

जानकारी के अनुसार, अरुण के पिता ने भी करीब 5-6 साल पहले आत्महत्या की थी। परिवार में अब उसकी मां और एक बहन हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मोबाइल फोन जब्त कर लिया है ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है और मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top