रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में वन विभाग की टीम ने प्रतिबंधित प्रजाति की खैर और तेंदू लकड़ी से भरा ट्रक और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया। मौके से महेंद्र यादव (26 वर्ष) नामक आरोपी को हिरासत में लिया गया, जबकि अन्य तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। मामला रायगढ़ वन परिक्षेत्र का है।
मौके पर मिली सूचना और कार्रवाई
गुरुवार रात वन अमले को मुखबिर से सूचना मिली कि रेंगालपाली सर्किल के कुर्मापाली और गोर्रा के बीच नहर के पास एक ट्रक में अवैध लकड़ी लदी हुई है।
सूचना मिलते ही रायगढ़ रेंज टीम, उड़नदस्ता और वनकर्मी मौके पर पहुंचे। मौके पर छुईपारा निवासी महेंद्र यादव हिरासत में लिया गया और ट्रक में भरी लाखों रुपये मूल्य की अवैध लकड़ियों को उर्दना काष्ठागार भेज दिया गया।

स्कॉर्पियो में सवार तस्कर फरार
इस दौरान वन अमले को जानकारी मिली कि तस्कर कोतरा रोड ओवरब्रिज के पास एक स्कॉर्पियो में मौजूद हैं। टीम के पहुंचने तक तस्कर वाहन छोड़कर भाग चुके थे। वन विभाग ने स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर डिपो ले आया।
अवैध लकड़ी की संभावना
जांच में पता चला कि लकड़ी जब्त किए गए क्षेत्र में जंगल नहीं है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि तस्करों ने लकड़ी किसी अन्य जगह से काटकर यहाँ लाकर ट्रक में लोड की।

मूल्यांकन और आगे की कार्रवाई
रेंजर हेमलाल जायसवाल ने बताया कि ट्रक में लदी लकड़ी का मूल्यांकन किया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि अवैध लकड़ी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों की पहचान की जा सके और आगे कार्रवाई की जा सके।

