रायपुर में 100 रुपए के विवाद में युवक की हत्या: दो भाइयों ने कैंची से किया हमला, दोनों आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 100 रुपए के लेनदेन के विवाद में दो भाइयों ने मिलकर एक युवक की कैंची से हत्या कर दी। यह घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बीएसयूपी कॉलोनी भटगांव की है।

जुआ खेलते समय हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, दिवाली के दूसरे दिन (21 अक्टूबर) की शाम कुछ युवक इलाके में बैठकर जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान ताहिर हुसैन और सूरज यादव के बीच 100 रुपए को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि सूरज और उसके भाई मदन यादव ने मिलकर ताहिर पर कैंची से हमला कर दिया।

ताहिर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कुछ घंटों में किया गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। रिपोर्ट के कुछ ही घंटे बाद दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी और मृतक एक ही इलाके के निवासी हैं। उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 438/25, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच जारी

सीएसपी राजेश देवांगन ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल कैंची जब्त कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

🔎 आरोपी भाइयों की पहचान

  • मदन यादव (31 वर्ष) – निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर
  • सूरज यादव (23 वर्ष) – निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर
Scroll to Top