रायपुर सेंट्रल जेल से वीडियो वायरल: NDPS आरोपी ने की वीडियो कॉल, कसरत करते और दोस्तों संग सेल्फी लेते दिखा

रायपुर। राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों में है। जेल के अंदर बंद NDPS एक्ट के आरोपी मोहम्मद रशीद अली उर्फ राजा बैजड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राजा बैजड़ बैरक नंबर 15 में मोबाइल फोन से अपने परिवार को वीडियो कॉल करता नजर आ रहा है।

आरोप है कि इस वीडियो को खुद आरोपी ने बनवाया और सोशल मीडिया पर वायरल किया ताकि जेल के अंदर अपनी पहुंच और दबदबा दिखा सके। यह वीडियो 13 से 15 अक्टूबर के बीच का बताया जा रहा है।


जेल में करता है कसरत, सोशल मीडिया पर भी सक्रिय

वायरल फुटेज में राजा बैजड़ को कसरत करते और अपने साथियों के साथ सेल्फी लेते हुए भी देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, वह पिछले तीन महीने से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है, लेकिन फिर भी सोशल मीडिया पर एक्टिव बना हुआ है।

जेल सूत्रों के मुताबिक, राजा बैजड़ जेल के अंदर से ही नशे के नेटवर्क और वसूली रैकेट को संचालित कर रहा है, जिसमें कुछ जेल कर्मियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।


रिश्तेदार से की थी वीडियो कॉल, फिर खुद बनाया क्लिप

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले अपने किसी रिश्तेदार को वीडियो कॉल किया और उसके बाद खुद का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे बाहर भेजा। इसमें वह यह संदेश देने की कोशिश करता दिख रहा है कि जेल के अंदर उसी का राज चलता है और किसी का उस पर नियंत्रण नहीं।


जुलाई में हुआ था गिरफ्तार

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, क्राइम नंबर 317/25 के तहत राजा बैजड़ को 11 जुलाई 2025 को थाना टिकरापारा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज है। तब से वह रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है।


पहले भी विवादों में रही रायपुर जेल

यह पहला मौका नहीं जब रायपुर सेंट्रल जेल विवादों में आई हो। इससे पहले गैंगस्टर अमन साव का फोटोशूट भी जेल के अंदर से वायरल हुआ था। बाद में अमन साव को झारखंड पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। उस घटना के बाद भी जेल प्रशासन पर मिलीभगत और सुरक्षा चूक के गंभीर आरोप लगे थे।

Scroll to Top