हाईकोर्ट नाराज़: मंत्री के निज सचिव की पत्नी ने सड़क पर काटा केक, सरकार से सख्त कार्रवाई के निर्देश

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सचिव राजेंद्र दास की पत्नी का सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में लग्जरी कार की बोनट पर केक काटते और आतिशबाजी करते दृश्य दिख रहे हैं। इस पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ी नाराज़गी जताई है और सरकार को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायाधीश अमितेंद्र प्रसाद की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को इस घटना पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में FIR दर्ज कर गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।

वायरल वीडियो में राजेंद्र दास की पत्नी सफेद कार की बोनट पर केक काटती नजर आ रही हैं, जबकि आसपास पटाखे फूट रहे हैं और वीडियो शूट किया जा रहा है। कांग्रेस ने यह वीडियो पोस्ट करते हुए सवाल उठाया कि क्या हाईकोर्ट के नियम सिर्फ आम जनता पर लागू होते हैं, भाजपा नेताओं और उनके सहायकों पर नहीं?

राजेंद्र दास ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि “केक सड़क पर नहीं, घर के सामने गली में काटा गया था, और पटाखे भी मैंने नहीं फोड़े।” उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक बदनाम करने का आरोप लगाया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन और तलवार या हथियार से केक काटने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं —

  • बलौदाबाजार में युवक ने तलवार से 6 केक काटे,
  • DSP की पत्नी ने नीली बत्ती वाली कार पर सेलिब्रेशन किया,
  • रायपुर में कई बार सड़क पर आतिशबाजी और केक कटिंग के मामले हुए हैं,
  • यहां तक कि रायपुर की मेयर के बेटे और यूथ कांग्रेस नेता पर भी कार्रवाई हो चुकी है।
Scroll to Top